उत्तर प्रदेश

संतुलित उर्वरकों के उचित प्रबंधन से स्वस्थ मिट्टी, समृद्ध किसान : आईआईवीआर

Shekhar Pandey

वाराणसी/मिर्जापुर। आईसीएआर-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) द्वारा जनपद मिर्जापुर के अराजी लाइन प्रखंड स्थित महरच्छ गांव में किसान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय “संतुलित उर्वरक, उचित प्रबंधन – स्वस्थ मिट्टी, समृद्ध किसान” रहा। अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा जैविक एवं टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना था।

Advertisements

संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. एस.के. सिंह ने किसानों को केंचुओं के महत्व तथा संतुलित उर्वरकों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का उपयोग संतुलित मात्रा में करना चाहिए तथा गोबर की खाद, कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद और जैव उर्वरकों के माध्यम से मिट्टी में पोषक तत्वों की पूर्ति करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि मिट्टी में मौजूद सूक्ष्मजीव फास्फोरस, पोटाश समेत अन्य पोषक तत्वों को घुलनशील बनाकर पौधों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे फसलों की वृद्धि बेहतर होती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है। डॉ. सिंह ने ट्राइकोडर्मा, पीएसबी एवं अन्य लाभकारी जैव एजेंट्स के उपयोग से फसलों को रोगों से बचाने, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और उत्पादन बढ़ाने की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर डॉ. अच्युत सिंह ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग की सलाह देते हुए कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी और भूमि की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहेगी। वहीं डॉ. आशुतोष राय ने संतुलित आहार, फल एवं सब्जियों की विविधता तथा जैविक खादों के उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और दवाइयों के अत्यधिक एवं असंतुलित उपयोग को कम करना आवश्यक है, जिससे मिट्टी, जल और वायु प्रदूषण में कमी आएगी तथा मानव स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को संस्थान द्वारा तैयार बायोडरमा एवं एजोबीसी सूक्ष्मजीव कंसोर्टियम वितरित किया गया। साथ ही संतुलित उर्वरक एवं उचित प्रबंधन से संबंधित प्रसार-पत्रक भी बांटे गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button