उत्तर प्रदेशवाराणसी

सारनाथ पुलिस ने चैन स्नैचर को दबोचा, लूटी गई चैन व बाइक बरामद

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। थाना सारनाथ पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चैन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा ज़ोन, एडीसीपी वरुणा ज़ोन और एसीपी सारनाथ के पर्यवेक्षण में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने मु0अ0सं0 0231/2026 से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त बबलू जायसवाल को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बबलू जायसवाल पुत्र शंकर जायसवाल निवासी भरलाई, थाना शिवपुर के रूप में हुई है। उसे हृदयपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 10.320 ग्राम वजन की पीली धातु की चैन, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुई। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 3 मई को हिरामनपुर रेलवे क्रासिंग के पास एक महिला के गले से चैन छीनी थी। पहचान छिपाने के लिए उसने मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगा दिया था। आरोपी चैन को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बताया गया कि 4 मई को पीड़िता ने थाना सारनाथ में शिकायत दर्ज कराई थी कि बाजार से सामान लेकर घर लौटते समय बाइक सवार बदमाश ने उनके गले से सोने की चैन छीन ली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर वाराणसी समेत अन्य जनपदों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक शिवनारायण सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित थाना सारनाथ की पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button