मुहर्रम को लेकर लोहता में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

Shekhar pandey
वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने लोहता थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ताजिया जुलूस मार्गों तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने महमूदपुर, मीना बाजार, लोहता चौराहा, कुशवाहा नगर और हरपालपुर शिवमंदिर तक के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। उनके साथ अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया अवधेश कुमार विश्वकर्मा एवं थाना लोहता की पुलिस टीम मौजूद रही।
अधिकारियों ने ताजिया जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, पुलिस पिकेट और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों से संवाद कर पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
शिवहरी मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जाए, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान केवल निर्धारित मार्गों और समय के अनुसार ही जुलूस निकाले जाएंगे तथा किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। ड्रोन, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।







