चौक थाना प्रभारी ने चलाया पैदल गश्त व अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई वाहनों का चालान

Shekhar pandey
वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा ने मंगलवार शाम पुलिस बल के साथ पूरे चौक क्षेत्र में पैदल गश्त और अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में अवैध कब्जा पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में केवीएम चौकी प्रभारी पुष्कर दुबे तथा काशीपुरा चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके अलावा बुलानाला क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों की जांच करते हुए कई वाहनों का चालान किया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले कुछ वाहनों को सीज भी किया गया।
चौक थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान चौक, बुलानाला, काशीपुरा, पियरी, बेनियाबाग, हड़हा, राजदरवाजा होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम के द्वार तक चलाया गया। मंगलवार शाम करीब 6 बजे शुरू हुए इस अभियान के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
पुलिस के इस अभियान से अतिक्रमणकारियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए नियमित रूप से ऐसी कार्रवाई किए जाने की मांग की।







