उत्तर प्रदेशवाराणसी

चौक थाना पुलिस का सराहनीय गुडवर्क: नेपाल की मासूम बच्ची को महज एक घंटे में खोजकर परिजनों से मिलाया

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र में चौक पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नेपाल से दर्शन-पूजन के लिए आई एक मासूम बच्ची को महज एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों से मिलाया।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के विराटनगर निवासी विनीषा गट्टोराई मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने काका के साथ काशी भ्रमण एवं दर्शन-पूजन के लिए निकली थीं। इसी दौरान श्री काल भैरव मंदिर के पास भीड़ के बीच वह अपने परिजनों से बिछड़ गईं। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजन घबराए हुए सीधे चौक थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बिना समय गंवाए तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयास के बाद महज एक घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।

इसके बाद चौक पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।

चौक पुलिस की इस त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित किया कि पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button