उत्तर प्रदेशवाराणसी

अवैध पिस्टल के साथ पति गिरफ्तार, पत्नी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को मारपीट, गाली-गलौज और अवैध पिस्टल से जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को पीड़िता ने डायल-112 और थाना चेतगंज में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है तथा अवैध पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही पीआरवी और नाटी इमली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पीड़िता की निशानदेही पर पुलिस ने नाटी इमली स्थित चंद्रा टावर में आरोपी विकास सेठ उर्फ विक्की (42 वर्ष) के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके बिस्तर से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही। पुलिस ने उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले से भी चेतगंज थाने में घरेलू हिंसा और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button