गुमशुदा बालक की तलाश जारी, एक सूचना से मिल सकता है परिवार का चिराग

वाराणसी। थाना बड़ागांव क्षेत्र के ग्राम कुशमुरा निवासी 7 वर्षीय अयांश विश्वकर्मा 28 जुलाई 2026 से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। परिजनों की तहरीर पर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बालक की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया है। टीम संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदगी के समय अयांश ने पीले रंग की टी-शर्ट और मटमैले रंग का हाफ पैंट पहन रखा था। बालक मानसिक रूप से दिव्यांग है और बोलने में असमर्थ है। उसके मुंह से लगातार लार टपकती रहती है तथा दाहिने पैर में सूजन है, जिससे उसकी पहचान आसानी से की जा सकती है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अयांश विश्वकर्मा कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना बड़ागांव के मोबाइल नंबर 9454404377 या डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस ने कहा है कि नागरिकों का सहयोग बच्चे की सकुशल बरामदगी में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसलिए इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की गई है।







