उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी: रामनगर पुलिस ने ट्रक से 5 लाख की अवैध शराब पकड़ी, तीन तस्कर गिरफ्तार

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की रामनगर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब (व्हिस्की) बरामद की है। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य की 102 पेटी और 320 अतिरिक्त शीशी, कुल 5,216 शीशियां (180 एमएल) अवैध शराब जब्त करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक किया सेल्टोस कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर युवाओं को नशे से बचाने और अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन के निर्देशन एवं एसीपी कोतवाली तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पानीपत से बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप वाराणसी होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर रामनगर थाना क्षेत्र के ढुंढीराज पुलिया, एनएच-19 पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर उसमें 999 ब्रांड की अवैध व्हिस्की की 5,216 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक के आगे-आगे चल रही किया सेल्टोस कार को भी पकड़ लिया, जो ट्रक को रास्ता दिखाने का काम कर रही थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (सोनीपत, हरियाणा), सोमवीर जोगी (पानीपत, हरियाणा) और मिथुन बंसल (इंदिरापुरम, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना रामनगर में मु0अ0सं0 0203/2026 के तहत धारा 3(5) बीएनएस एवं आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/69 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 938.88 लीटर है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप बिहार में किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button