उत्तर प्रदेशवाराणसी

सीवर चोक कर जलभराव कराने की कोशिश? नगर निगम ने दर्ज कराई FIR

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। शिवाला, नगवा, सरायनंदन समेत शहर के करीब आधा दर्जन वार्डों की सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक जैसी सामग्री मिलने से नगर निगम में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक, सीवर की मुख्य लाइन में सामग्री डालकर उसे जाम करने के कारण आसपास की गलियों में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की स्थिति बन रही थी।

शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों व अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास मौके का निरीक्षण किया। सफाई के दौरान शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र की सीवर लाइन से करीब 12 बोरी बालू निकाली गई।

महापौर ने कहा कि सीवर लाइन में इस तरह से बालू की बोरियां मिलना गंभीर मामला है। नगर निगम प्रशासन ने आशंका जताई है कि जानबूझकर मुख्य सीवर लाइन को चोक किया गया, जिससे सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो हो और जलभराव की स्थिति बने।

नगर निगम ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भेलूपुर थाने में तहरीर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि सीवर लाइन में सामग्री डालने वालों की पहचान की जा सके।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि सरकारी सीवर लाइन या अन्य सार्वजनिक संपत्ति के साथ छेड़छाड़ की जानकारी मिलने पर तत्काल नगर निगम को सूचित करें।

जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें लगातार सीवर सफाई और पानी निकासी का काम कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button