चोरी के 14 मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार, 48,100 रुपये नकद बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी के 14 मोबाइल फोन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 48,100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात सारनाथ पुलिस टीम सथवा चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन राजभर (24) पुत्र अमरनाथ राजभर, निवासी बेनीपुर, थाना सारनाथ तथा अविनाश दीक्षित (31) पुत्र हरेन्द्र दीक्षित, निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 48,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी किशन राजभर ने बताया कि वह चंदौली हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहनों के चालकों के पास से मोबाइल फोन चोरी करता था और उन्हें अविनाश दीक्षित को कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त के लिए हृदयपुर अंडरपास के पास पहुंचे थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में थाना सारनाथ में मु0अ0सं0 0481/2026, धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार किशन राजभर के विरुद्ध पूर्व में सारनाथ थाने में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अविनाश दीक्षित का इस मामले के अलावा कोई आपराधिक इतिहास पुलिस द्वारा नहीं बताया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, उपनिरीक्षक सौरवपति त्रिपिटक, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार गौतम, कांस्टेबल सुमित सिंह, कांस्टेबल गोविन्द कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।







