उत्तर प्रदेशवाराणसी

विधान परिषद शिक्षक चुनाव: वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने संगठनात्मक एकजुटता का लिया संकल्प

Shekhar pandey

Advertisements

वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बैठक में विधान परिषद चुनाव की रणनीति पर मंथन

वाराणसी, 26 सितंबर 2026। वित्तविहीन शिक्षक महासभा, उत्तर प्रदेश की ओर से वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आठों जनपदों के प्रदेश, मंडल एवं जिला पदाधिकारियों की बैठक शिवपुर स्थित लक्ष्मी वाटिका के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह, प्रधान महासचिव जियारत हुसैन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन यादव और मंडल अध्यक्ष धनंजय उपाध्याय ‘बंटी बाबा’ सहित आठों जनपदों के पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और शिक्षक प्रतिनिधियों ने संगठन के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में एकजुट होकर कार्य करने का निर्णय लिया। संगठन की ओर से कहा गया कि शिक्षक हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए दल एवं पार्टी की राजनीति से अलग रहकर संगठन के प्रत्याशी के पक्ष में अभियान चलाया जाएगा।

वक्ताओं ने वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा शर्त, मानदेय एवं आर्थिक सहायता, चिकित्सा सुविधा और सम्मानजनक भविष्य से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे लंबे समय से संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं और आगामी चुनाव में भी इन्हें प्रमुखता से रखा जाएगा।

बैठक में शिक्षक प्रतिनिधियों ने संगठन के निर्णय का समर्थन करते हुए प्रस्ताव पारित किया और चुनाव के दौरान संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संतोष गुप्ता (चंदौली), राम जी (बलिया), मुस्तकीम अहमद (सोनभद्र), अनिल कुमार (भदोही), मनोज पटेल (जौनपुर), राजेश वर्मा (वाराणसी), अश्वनी सिंह (वाराणसी), भीमराज (मिर्जापुर) और बी.के. चौहान (गाजीपुर) सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button