थाना चौक को मिला ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र, कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बना

Shekhar pandey
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिसिंग में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इसके साथ ही थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बन गया है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर तीन माह तक चले थर्ड पार्टी ऑडिट में थाना चौक की कार्यप्रणाली को परखा गया।

ऑडिट के दौरान जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव, आगंतुक सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, जनसंवाद, पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण समेत विभिन्न बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। अपराधों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को भी जांच के दायरे में रखा गया।
मानकों पर खरा उतरने के बाद थाना चौक को ISO प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर थाना चौक के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी गुणवत्ता को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों की कार्यप्रणाली को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद पुलिस आयुक्त ने थाना चौक का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मिशन शक्ति केंद्र में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। लोगों को मिशन शक्ति के साथ 112, 1090, 1076 और 1930 जैसी हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आमजन को अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अपराध की रोकथाम और घटनाओं के खुलासे में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।
इस अवसर पर बेहतर पुलिसिंग और उत्कृष्ट कार्य करने वाले म0उ0नि0 मानसी वर्मा, हे0का0 कृष्ण कुमार सिंह, का0 सुनील कुमार, म0का0 दिव्या सिंह, म0का0 तेजस्वी ओझा और म0का0 प्राची शुक्ला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल और वालंटियर विजय मिश्रा को भी उनके सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी और क्षेत्र के व्यापारी मौजूद रहे।







