ACP कैंट प्रज्ञा पाठक ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का किया निरीक्षण, साइबर अपराध और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

Shekhar pandey
वाराणसी। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट प्रज्ञा पाठक ने रविवार को थाना लालपुर-पांडेयपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान साइबर अपराध, आईजीआरएस, सीसीटीएनएस और जनसुनवाई से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच कर उनके रख-रखाव और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों को सभी अभिलेख नियमानुसार अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

एसीपी कैंट ने थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने संबंधित समस्याओं के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के साथ आईजीआरएस एवं सीसीटीएनएस के मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और अपराध की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, मेस, पिंक टॉयलेट, कार्यालय और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा परिसर में खड़े जब्त वाहनों का नियमानुसार निस्तारण और नीलामी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के लिए भी निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के अंत में एसीपी कैंट ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा।







