उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी की तत्परता, 30 मिनट में बरामद हुई अपहृता युवती और आरोपी

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम तथा गुमशुदा एवं अपहृत लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने सूचना मिलने के करीब 30 मिनट के भीतर अपहृता खुशी सिंह और मामले में नामजद आरोपी विशाल सिंह को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को जीआरपी कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान थाना धूमनगंज, प्रयागराज के उपनिरीक्षक विपिन कुमार ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि थाना धूमनगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 350/2026, धारा 137(2)/196/352/351(2) BNS से संबंधित अपहृता खुशी सिंह पुत्री विजय सिंह और आरोपी विशाल सिंह पुत्र शैनी सिंह वाराणसी रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही जीआरपी कैंट की टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में तलाश अभियान शुरू किया। टीम ने विभिन्न प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वार समेत अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी दोनों की तलाश की गई।

तलाश के दौरान दोनों सर्कुलेटिंग एरिया में दिखाई दिए। जीआरपी टीम ने दोनों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और इसकी सूचना थाना धूमनगंज पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ जीआरपी कैंट वाराणसी पहुंचे।

पहचान की कार्रवाई पूरी होने के बाद अपहृता और आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना धूमनगंज पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। जीआरपी के अनुसार, सूचना मिलने के करीब 30 मिनट के अंदर दोनों को खोज लिया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक राजबहादुर यादव, हेड कांस्टेबल मो. दानिश, हेड कांस्टेबल अनुरोध कुमार, कांस्टेबल इन्द्रजीत, कांस्टेबल विष्णु शरण तिवारी और महिला आरक्षी संगम सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button