गोंड व उपजातियों को एससी प्रमाणपत्र होगे जारी

Shekhar pandey
सुल्तानपुर। गोंड और उसकी पर्याय जातियों (धुरिया, नायक, ओझा, पठारी, राजगोंड) को अनुसूचित जाति (एससी) का प्रमाणपत्र जारी करने को लेकर सुल्तानपुर प्रशासन गंभीर है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कलेक्ट्रेट के प्रभारी अधिकारी (शिकायत) को एक आधिकारिक आख्या भेजी है। यह मामला जयसिंहपुर विकास खंड के ग्राम वैदहा निवासी बृजेश कुमार गोंड की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने आईजीआरएस (IGRS) के माध्यम से एक मांग दर्ज कराई थी। बृजेश कुमार ने सुल्तानपुर जिले की सभी तहसीलों में निवास कर रहे गोंड और धुरिया जाति के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की थी। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, शासन के विस्तृत दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह कदम उठाया गया है। जनपद सुलतानपुर के समस्त उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) और तहसीलदारों से अनुरोध किया गया है कि वे जिले में निवास कर रहे गोंड और उसकी पर्याय जातियों को नियमानुसार अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र निर्गत करें। शिकायतकर्ता बृजेश कुमार गोंड को इस पूरे मामले की वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है। समाज कल्याण विभाग ने इस आख्या के आधार पर कलेक्ट्रेट स्तर से इस प्रकरण को निस्तारित करने का अनुरोध किया है। इस पहल से जिले के गोंड समाज के लोगों को तहसील स्तर पर जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।







