हनुमान फाटक में भोर के वक्त खूनी हमला, पत्थर से सिर कुचलकर एक की हत्या; दो घायल

Shekhar Pandey
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार भोर करीब 3 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर एक हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने पत्थर से तीनों के सिर पर वार किया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि रवि चौहान उर्फ़ पप्पू विश्वकर्मा, अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान हमलावर ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पप्पू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
अशोक पासी उर्फ बाबा, जो पान बेचने का काम करते हैं, हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं गणेशु कनौजिया को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडली अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एडीसीपी वैभव बांगर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान में जुटी है। भोर के समय हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद हनुमान फाटक क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।







