अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर वाराणसी कचहरी बंद

Shekhar pandey
वाराणसी । आज वाराणसी कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए कचहरी बंद कराई। अधिवक्ताओं के इस सामूहिक निर्णय के चलते दिनभर न्यायिक कार्य प्रभावित रहा और वादकारियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बताया गया कि अधिवक्ताओं द्वारा लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की मांग की जा रही है, किन्तु संबंधित स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई न होने से उनमें आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में भ्रष्टाचार व मनमाना रवैया अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर कार्य बहिष्कार किया और कचहरी कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया।



इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।कलेक्ट्रेट कचहरी बंद रहने के कारण दूर-दराज से आए वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मामलों की सुनवाई स्थगित करनी पड़ी। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ही यह कदम उठाया गया है।











