उत्तर प्रदेशवाराणसी

पत्रकारिता समाज का आईना: डा॰ दयालु ,पत्रकारिता ने हमेशा जनभावनाओं को स्वर दिया पराड़कर स्मृति भवन के सुंदरीकरण कार्य का राज्यमंत्री ने किया लोकार्पण

Ashutosh pandey

Advertisements

वाराणसी, 18 जून, 2026। पत्रकारिता केवल समाचारों का संप्रेषण नहीं, बल्कि समाज को उसका वास्तविक स्वरूप दिखाने का दायित्व भी निभाती है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता ने सदैव जनभावनाओं को स्वर दिया है और सत्ता तथा समाज के बीच सेतु का कार्य किया है। ऐसी ही गौरवशाली पत्रकारिता परंपरा की साक्षी रही काशी की धरती पर स्थित पराड़कर स्मृति भवन आज भी पत्रकारिता के मूल्यों और आदर्शों का प्रतीक बना हुआ है। गुरुवार को पराड़कर स्मृति भवन में अपने विधायक निधि से कराए गए सुंदरीकरण कार्य के लोकार्पण अवसर पर सूबे के आयुष एवं औषधि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने पत्रकारिता और काशी की गौरवशाली विरासत को नमन किया। उन्होंने कहा कि काशी से निकली आवाज़ों ने देश को नई दिशा देने का काम किया है। पत्रकारों की इस तीर्थस्थली के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे। मंत्री ने कहा कि काशी सदियों से मनीषियों, चिंतकों और ज्ञान परंपरा की धरती रही है।

यही वह भूमि है जिसने अनेक राष्ट्रीय विचारों को जन्म दिया और जननेताओं के सपनों को उड़ान दी। उन्होंने काशी के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस नगरी ने उन्हें भी सार्वजनिक जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की है। उन्होंने पत्रकारों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि समाचारों की खोज और सत्य को समाज तक पहुंचाने के लिए पत्रकार दिन-रात मेहनत करते हैं। अनेक चुनौतियों और समस्याओं के बावजूद वे लोकतंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा उनके मुद्दों पर गंभीरता से कार्य कर रही है।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि काशी ने विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज काशी विश्व पटल पर एक नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि पराड़कर स्मृति भवन का सुंदरीकरण केवल एक भवन का सौंदर्य संवर्धन नहीं, बल्कि पत्रकारिता की उस समृद्ध विरासत को सम्मान देने का प्रयास है जिसने समाज को जागरूक और राष्ट्र को दिशा देने का कार्य किया है। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को पत्रकारिता के मूल्यों और काशी की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का माध्यम बनेगी। इस मौके पर काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

इस मौके पर काशी पत्रकार संघ को वाटर कूलर देने के लिए मंत्री ने मालवीय मार्केट व्यावसायिक संघ के पदाधिकारियों अभिषेक केसरी, विनय अरोड़ा, ऋषि आहूजा और गुरमीत सिंह बग्गा को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, आभार कोषाध्यक्ष जयप्रकाश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ॰ अत्रि भारद्वाज, पूर्व महामंत्री अखिलेश मिश्र, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, कैलाश यादव, प्रेस क्लब के अध्यक्ष चंदन रुपानी, मंत्री विनय शंकर सिंह, अजय राय, अश्वनी श्रीवास्तव, सुरेश गांधी, विजय शंकर गुप्ता, शैलेन्द्र भारती, राजेंद्र यादव, सुशील मिश्र, राजेश यादव, डॉ॰ जिग्नेश कुमार, आशुतोष पांडेय, राजेश सेठ, हरिमोहन श्रीवास्तव अन्नु, रवीन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, मुन्ना लाल साहनी, कौसर अली कुरैशी, मनोज राय, डा॰ रजनीश सिंह, मोहम्मद इमरान, चंद्र प्रकाश मिश्रा, अशफाक सिद्दीकी, दिलीप कुमार, ओंकार तिवारी, रोहित सोनकर, बनारस बार के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, चंद्रप्रकाश चंदू आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button