Varanasi : भारतीय सीमेंट ब्रांडों पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण

Shekhar pandey
नोएडा, 17 जून। भारतीय सीमेंट उद्योग के वरिष्ठ विशेषज्ञ एवं लेखक डॉ. के.एन. झा द्वारा लिखित पुस्तक “ABC of Cement Brands in India: Past, Present & Future” का लोकार्पण नोएडा में आयोजित एक समारोह में किया गया। कार्यक्रम में सीमेंट उद्योग से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञ एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।
पुस्तक का लोकार्पण कनोडिया समूह की ओर से श्रीमती मंजू देवी कनोडिया, श्री विशाल कनोडिया एवं श्री गौतम कनोडिया ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सीमेंट एवं भवन निर्माण सामग्री परिषद (एनसीबी) के पूर्व महानिदेशक डॉ. के. मोहन तथा टेक्नो-लीगल सलाहकार एवं कॉर्पोरेट एडवाइजर विजय सरदाना विशेष रूप से मौजूद रहे।
डॉ. के. मोहन ने कहा कि भारतीय सीमेंट उद्योग देश के आधारभूत ढांचे और आर्थिक विकास के साथ निरंतर आगे बढ़ा है तथा आज विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सीमेंट उत्पादक उद्योग बन चुका है। उन्होंने कहा कि डॉ. झा की पुस्तक सीमेंट उद्योग के विकास को ब्रांडों के दृष्टिकोण से समझने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
विजय सरदाना ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुस्तक उद्योग से जुड़े पेशेवरों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ साबित होगी। पुस्तक में सीमेंट ब्रांडों के निर्माण, विकास, पुनर्स्थापन और प्रतिस्पर्धा के विभिन्न पहलुओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया है।
लेखक डॉ. के.एन. झा ने बताया कि पुस्तक में वर्ष 1914 से वर्तमान तक भारतीय सीमेंट उद्योग की विकास यात्रा का विस्तृत विवरण दिया गया है। इसमें 80 से अधिक ऐसे सीमेंट ब्रांडों का उल्लेख और विश्लेषण किया गया है जो समय के साथ बाजार से विलुप्त हो गए। साथ ही उन उद्योगपतियों और प्रमोटरों के योगदान को भी रेखांकित किया गया है जिन्होंने अपने ब्रांडों को दशकों तक सफलतापूर्वक स्थापित बनाए रखा।
पुस्तक के अंतिम अध्याय में भारतीय सीमेंट उद्योग के भविष्य, हरित प्रौद्योगिकी, नवाचार और सतत विकास की संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई है।
कार्यक्रम में सीमेंट उद्योग के वरिष्ठ पेशेवरों एवं अधिकारियों की भी उपस्थिति रही, जिनमें बाबूलाल सिंह, आशुतोष शुक्ला और आर.एन. मालू प्रमुख रहे।
डॉ. के.एन. झा को सीमेंट उद्योग में 34 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है तथा उन्होंने ब्रांडिंग, ग्रामीण विपणन और सीमेंट उद्योग से संबंधित कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का लेखन किया है।







