Varanasi : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु पांडेयपुर चौराहे का किया निरीक्षण

Shekhar pandey
वाराणसी, निष्पक्ष काशी । पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पांडेयपुर चौराहे का निरीक्षण कर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क चौड़ीकरण के दृष्टिगत PWD विभाग से समन्वय स्थापित कर टूटी सड़कों की मरम्मत और मलबा सड़क पर न फैलने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने व नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
प्रमुख चौराहों पर लागू ऑटो लेन व्यवस्था का प्रभाव जानने हेतु पुलिस आयुक्त ने चालकों से प्रत्यक्ष संवाद किया, जिसमें चालकों ने बताया कि इससे सवारी बैठाने उतारने में आसानी, यातायात की सुचारूता और जाम की समस्या से निजात मिली है। आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए कि प्रमुख स्थानों पर प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन हेतु अस्थायी बैरिकेडिंग, पंडालों का व्यवस्थित निर्माण, अलग पार्किंग व्यवस्था तथा अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सोमवीर सिंह व सम्बन्धित थाना प्रभारी मौजूद रहे।



