Varanasi : गणतंत्र दिवस पर वाराणसी पुलिस लाइन में कर्तव्यनिष्ठ इंस्पेक्टरों का विशेष सम्मान

वाराणसी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर वाराणसी पुलिस लाइन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शहर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुछ सक्रिय एवं कर्तव्यनिष्ठ इंस्पेक्टरों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में झंडारोहण कर तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल तथा पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने चयनित इंस्पेक्टरों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित अधिकारियों में कैंट थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा, चेतगंज थाना प्रभारी विवेक शुक्ला, सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा एवं रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने इंस्पेक्टरों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इन अधिकारियों की सतर्कता, मेहनत और निष्ठा के कारण वाराणसी में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि इनकी प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में भय बना रहता है।
सम्मानित इंस्पेक्टरों ने इस सम्मान को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि वे आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखेंगे।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।



