Blogउत्तर प्रदेशवाराणसी

काशी विश्वनाथ धाम में चैत्र नवरात्रि पर सांस्कृतिक संध्या में भक्ति और कला का अद्भुत संगम

SP

Advertisements

वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा मंदिर के पवित्र प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय सांस्कृतिक संध्या श्रृंखला के अंतर्गत आज पाँचवें दिवस भक्ति, संगीत एवं नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध कलाकार प्रोफेसर डॉ. राजेश शाह के उत्कृष्ट सितार वादन से हुआ। उनके साथ तबले पर विभास महाराज एवं सितार संगत में बुद्ध आदित्य प्रधान ने सुमधुर संगति प्रदान की। इस सुरमयी प्रस्तुति ने सम्पूर्ण मंदिर प्रांगण को संगीत के दिव्य रस में सराबोर कर दिया। इसके पश्चात भजन गायक सागर मिश्रा ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने माँ भगवती एवं भगवान शिव की आराधना से जुड़े भजनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को भक्ति रस में निमग्न कर दिया।
कार्यक्रम में नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों के अंतर्गत रश्मि वर्मा एवं श्वेता मिश्रा ने बनारस की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सजीव करते हुए दुर्गा स्तुति एवं शिव स्तुति पर आधारित भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन प्रयागराज की सशक्त आवाज श्वेता श्रीवास्तव द्वारा किया गया, जिनकी ओजस्वी शैली ने कार्यक्रम को एक सूत्र में बाँधे रखा। धर्म, अध्यात्म एवं संस्कृति के पवित्र संगम को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या श्रृंखला चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन संपन्न हो रही है। आज के कार्यक्रम में “हर-हर महादेव” के जयघोष से सम्पूर्ण परिसर गुंजायमान रहा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का भाव परिलक्षित हुआ। यह संपूर्ण आयोजन काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सौजन्य से सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button