वाराणसी में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, अपर पुलिस आयुक्त ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण

Shekhar pandey
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 08 जून 2026 को श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय), कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों एवं संवेदनशील स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरिश्चन्द्र इंटर कॉलेज, हरिश्चन्द्र पी.जी. कॉलेज, अग्रसेन पी.जी. कॉलेज, कटिंग मेमोरियल स्कूल, जे.पी. मेहता इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रवेश एवं निकास द्वार, सीसीटीवी व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस बल की तैनाती की गहन समीक्षा की गई।
परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक दिन प्रथम पाली प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 से 05:00 बजे तक निर्धारित है। कमिश्नरेट वाराणसी में कुल 50 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित हो रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग 22,032 अभ्यर्थी तथा तीन दिनों में कुल लगभग 1,32,192 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए, परीक्षा की गोपनीयता एवं गरिमा बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, अफवाह या नकल गिरोह पर कड़ी नजर रखी जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर दायरे में अनावश्यक भीड़ को रोका जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अभ्यर्थियों के प्रति विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन, वरुणा जोन, यातायात विभाग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं थाना प्रभारीगण मौजूद रहे।







