सोशल मीडिया पर अभद्र फोटो वायरल करने और धमकी देने का आरोपी गिरफ्तार

Shekhar pandey
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिला की अभद्र तस्वीरें प्रसारित करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उसे शांति भंग की आशंका के आधार पर हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना चेतगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 153/2026, धारा 67A आईटी एक्ट एवं 351(2) बीएनएस के तहत आरोपी विनोद साहनी पुत्र स्व. भोला मांझी, निवासी मानमंदिर घाट, थाना दशाश्वमेध को गुरुवार को डीसीएम तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
मामले में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी द्वारा उसकी अभद्र तस्वीरें सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर साझा की गईं और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर 17 जून 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को इसी मामले को लेकर डीसीएम तिराहा पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उग्र हो गया और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसे बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी पानदरीबा विकास कुमार मिश्रा तथा पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







