अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में सामूहिक योगाभ्यास, पुलिस आयुक्त ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

Shekhar pandey
वाराणसी, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिस लाइन में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga For Health Ageing” तथा संदेश “हमारी संस्कृति, हमारा योग, हमारा गौरव” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत ओम् ध्वनि एवं सूर्य नमस्कार से हुई। इसके बाद योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, भ्रामरी प्राणायाम, शीतली प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, पद्मासन, सर्वांगासन सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायामों का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन का आधार भी है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है और समाज में अनुशासन, सकारात्मकता तथा आत्मविश्वास का संचार करता है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।







