उत्तर प्रदेशवाराणसी

स्वर्ण कारोबारी का सोना गबन कर फरार कर्मचारी गिरफ्तार

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। चेतगंज पुलिस ने स्वर्ण कारोबारी का सोना गबन कर फरार हुए कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 131.760 ग्राम पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान शरद कुमार (27) पुत्र अनिल कसेरा, निवासी सीके 61/15 काशीपुरा, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को बनारस स्वर्णकला केंद्र के संचालक ने कर्मचारी शरद कुमार के खिलाफ सोना गबन करने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि आभूषण तैयार करने और पुराने आभूषणों की मरम्मत के लिए उसे 35 ग्राम शुद्ध सोना तथा 368.500 ग्राम सोना दिया गया था, जिसका उसने गबन कर लिया। इस संबंध में चेतगंज थाने में धारा 316(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पकड़े जाने के डर से राजस्थान भाग गया था। शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे लकड़ी मंडी स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से थोड़ा-थोड़ा सोना गबन कर रहा था। मालिक द्वारा हिसाब मांगे जाने पर पकड़े जाने के डर से वह राजस्थान चला गया था। मां से मिलने के लिए वाराणसी लौटने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक जोड़ी चूड़ी, एक कंगन, एक रुद्राक्ष, कच्चा सोना, जड़ाऊ कान का झाला और जड़ाऊ हार बरामद किया है। बरामद पीली धातु का कुल वजन 131.760 ग्राम है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button