लोलार्क षष्ठी को लेकर लोलार्क कुंड का निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश

Shekhar pandey
वाराणसी। आगामी लोलार्क षष्ठी पर्व को देखते हुए पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बुधवार को लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान कुंड पर आने वाले श्रद्धालुओं और दंपतियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखा जाए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा आवश्यकता के अनुसार सहायता केंद्र स्थापित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। कुंड परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि लोलार्क षष्ठी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही ड्यूटी में सतर्कता और प्रभावी पर्यवेक्षण बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







