सत्यम मिश्र ने संभाला काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पदभार

Shekhar pandey
वाराणसी, 21 सितंबर। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया।
पदभार संभालने से पहले सत्यम मिश्र ने सपरिवार बाबा कालभैरव मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद लिया।
पदभार ग्रहण के दौरान मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यभार संभालने के बाद सत्यम मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ संवाद किया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, बेहतर व्यवस्थाएं और श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।







