Varanasi : पुलिस आयुक्त ने शहर की सड़कों पर उतरकर लिया सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा

Shekhar Pandey
वाराणसी। कानून, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को स्वयं शहर की सड़कों पर उतरकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट एवं रामापुरा क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदागिन से मणिकर्णिका घाट तक तथा दशाश्वमेध घाट से रामापुरा तक पैदल भ्रमण कर यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की स्थिति का आकलन किया।

इसी दौरान एक राजनीतिक दल द्वारा बिना अनुमति प्रदर्शन करने के प्रयास को मौके पर तैनात पर्याप्त पुलिस बल द्वारा तत्काल रोका गया। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा उल्लंघन की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के समय तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग करते हुए उन्होंने सतर्कता बढ़ाने, अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर सख्ती के निर्देश दिए।

माघ मेला के पलट प्रवाह से काशी में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ एवं आगामी गणतंत्र दिवस को दृष्टिगत रखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए बाहरी व्यक्तियों की पहचान एवं आईडी की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



