चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के साथ की समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश

Shekhar pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौक थाना परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में हुई। बैठक का नेतृत्व चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप मिश्रा ने किया, जिसमें थाना क्षेत्र के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए प्रत्येक गांव और मोहल्ले में सक्रिय अपराधियों एवं नवगठित गैंगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्कूलों, कोचिंग संस्थानों, महिला छात्रावासों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वॉड की नियमित निगरानी बढ़ाने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ऑपरेशन CY-VAZRA के तहत साइबर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने, चोरी, लूट, चेन स्नैचिंग, गोतस्करी, पेशेवर अपराधियों एवं अन्य संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
थाना प्रभारी ने रात्रिकालीन चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने, अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, ऑपरेशन चक्रव्यूह सहित अन्य विशेष अभियानों को पूरी गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लापता बच्चों एवं महिलाओं की शीघ्र बरामदगी, महिला अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई, पुराने अपराधियों की निगरानी, जमानत पर छूटे अपराधियों द्वारा दोबारा अपराध करने पर उनकी जमानत निरस्त कराने की कार्यवाही, लंबित सम्मन एवं वारंटों का शत-प्रतिशत तामील, ई-प्रॉसिक्यूशन कार्यों का समयबद्ध निस्तारण तथा मुकदमों में तहरीर के अनुरूप एफआईआर दर्ज करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामलों में विशेष सावधानी बरती जाए, प्रत्येक सप्ताह बेहतर पुलिस कार्य (गुड वर्क) सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पुलिसकर्मी जनता के साथ शालीन एवं मित्रवत व्यवहार रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने सभी पुलिसकर्मियों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।







