बजट के अभाव में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों का वेतन रुका, बढ़ा रोष

Shekhar pandey
वाराणसी, 05 मई बजट आवंटन में देरी के चलते सिंचाई विभाग के कर्मचारियों का वेतन समय पर न मिलने से उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा समय से बजट उपलब्ध न कराए जाने के कारण मार्च और अप्रैल माह का वेतन प्रभावित हुआ है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि मार्च माह के वेतन के लिए जिलाधिकारियों को बजट की प्रत्याशा में वेतन आहरण के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ई-ऑफिस की मैपिंग और प्रशिक्षण समय पर न होने से भुगतान में देरी हुई।
उन्होंने आगे कहा कि अप्रैल माह का वेतन भी समय पर बजट आवंटन न होने के कारण अटका हुआ है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। परिषद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि शीघ्र बजट आवंटन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को सुचारु रूप से लागू करने के लिए आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। परिषद का कहना है कि बिना मजबूत व्यवस्था के वेतन रोके जाने से कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसका असर विशेष रूप से फील्ड कर्मचारियों पर पड़ रहा है।









