उत्तर प्रदेशवाराणसी

श्रावण मास की तैयारियों का पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा, नेमी श्रद्धालुओं के लिए गेट नंबर-4 से होगी विशेष प्रवेश व्यवस्था

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। आगामी श्रावण मास में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय नेमी श्रद्धालुओं (काशीवासियों) की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें मंदिर के गेट नंबर-4 से जिग-जैग बैरिकेडिंग के माध्यम से नियंत्रित एवं सुव्यवस्थित प्रवेश देने के निर्देश दिए, ताकि उनके नियमित दर्शन बिना किसी बाधा के हो सकें।

उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसलिए मार्गों को यथासंभव खुला रखा जाए। केवल विशेष पर्वों और अत्यधिक भीड़ वाले दिनों में ही आवश्यक बैरिकेडिंग लागू की जाए।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को गंगा दर्शन और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद मंदिर चौक क्षेत्र में खरीदारी, स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव करने के लिए सुरक्षित एवं सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पार्किंग स्थल मंदिर क्षेत्र से 500 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में विकसित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को अधिक दूरी पैदल न चलनी पड़े।

निरीक्षण के दौरान मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी कतार प्रबंधन और आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन एवं अन्य सामान जमा करने और वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया।

गोदौलिया और मैदागिन मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिग-जैग बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। पूरे श्रावण मास के दौरान मंदिर क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन तथा अन्य आधुनिक निगरानी तकनीकों से लगातार नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल और एटीएस की संयुक्त तैनाती भी की जाएगी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास की सभी तैयारियां महाकुंभ स्तर की व्यापकता और दक्षता के अनुरूप हों, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम दर्शन और शहर में निर्बाध यातायात की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) नम्रता श्रीवास्तव सहित कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button