श्रावण के प्रथम दिन बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, धाम में सुरक्षा और सुविधाओं के रहे व्यापक इंतजाम

Shekhar pandey
वाराणसी। श्रावण माह के प्रथम दिन गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रातःकाल से ही देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें धाम परिसर में देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने सुव्यवस्थित ढंग से बाबा श्री विश्वेश्वर का जलाभिषेक एवं दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
श्रावण माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सुरक्षा, दर्शन और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रवेश एवं निकास मार्गों पर प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को कतारबद्ध और सहज दर्शन कराए जा सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में चिकित्सकीय सहायता, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि श्रावण माह के दौरान धाम में स्थापित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।



