Varanasi : बड़े मंगलवार पर भंडारा एवं शरबत वितरण, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Shekhar pandey
वाराणसी। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं लहुराबीर लोहामंडी व्यापार समिति के संयुक्त तत्वावधान में लहुराबीर स्थित श्री हरे कृष्ण ज्वेलर्स के सामने भव्य भोग-प्रसाद एवं शर्बत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष नारायण खेमका ने भगवान श्रीराम के परम भक्त पवनपुत्र हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं हनुमान चालीसा का पाठ कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद महाबली हनुमान को घुघनी, हलुआ एवं शर्बत का भोग अर्पित किया गया।
अग्रवाल महासभा चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक एवं श्री हरे कृष्ण ज्वेलर्स के अधिष्ठाता संतोष कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष प्रद्युम्न अग्रवाल, महामंत्री आमोद अग्रवाल, लहुराबीर लोहामंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजनीश कन्नौजिया तथा महामंत्री दिनेश अग्रवाल चुनरी ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
सुबह 11 बजे से शुरू हुआ भंडारा लगभग पांच घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों, ऑटो रिक्शा चालकों एवं यात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में चेतन अग्रवाल, रौनक अग्रवाल, अशोक जायसवाल, रामभजन अग्रहरि, पार्षद मनीष गुप्ता, उपसभापति दीपक अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, बॉबी अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, भूपेंद्र अग्रवाल, राजा अग्रवाल एवं संदीप अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन ने क्षेत्र में भक्तिमय माहौल का निर्माण किया तथा सामाजिक एकता और जनसेवा का संदेश दिया।







