उत्तर प्रदेशवाराणसी

अजय राय को अयोध्या जाने से रोके जाने के विरोध में कांग्रेस ने किया हनुमान चालीसा पाठ

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को प्रशासन द्वारा एक निजी छात्रावास में हाउस अरेस्ट करके रोकने और वापस लौटने के लिए कहे जाने के विरोध में मंगलवार को वाराणसी पिपलनी कटरा स्थित हनुमान मंदिर में कांग्रेसजनों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान भाजपा सरकार को सद्बुद्धि देने तथा अजय राय के सकुशल रामलला दर्शन की कामना की गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की धर्मपत्नी रीना राय ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार मेरे पति प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को राजनीतिक कारणों से परेशान कर रही है। उन्होंने कहा “मेरे पति केवल भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए गए हैं, लेकिन उन्हें रोककर वापस लौटने का दबाव बनाया जा रहा है। हम हनुमान जी से प्रार्थना करते हैं कि वे भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार को सद्बुद्धि दें, ताकि राजनीतिक द्वेष छोड़कर लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया जाए और अजय राय का श्रीरामलला के दर्शन का संकल्प पूरा हो। यदि मेरे पति को किसी भी प्रकार की कोई क्षति होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार की होगी। भाजपा को ओछी मानसिकता की राजनीति बंद करनी चाहिए।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर भाजपा स्वयं को भगवान श्रीराम की सबसे बड़ी भक्त बताती है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष के नेताओं को रामलला के दर्शन से रोकने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रदेश अध्यक्ष को शांतिपूर्वक दर्शन करने से भी रोका जा रहा है, तो यह लोकतंत्र और संविधान दोनों की भावना के विरुद्ध है।प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जी को रात से ही रोककर रखना यह साबित करता है कि भाजपा सरकार विपक्ष से पूरी तरह भयभीत है। अयोध्या जाने वाले कांग्रेस नेताओं को रोकना, आसपास के जिलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों, शहर अध्यक्षों और नेताओं को नजरबंद करना लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। भाजपा यह भूल गई है कि भगवान श्रीराम किसी एक दल की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं। चढ़ावा चोरी जैसे गंभीर मामले में भाजपा अपने शीर्ष मंदिर से जुड़े लोगों को बचाने में लगी हुई है, लेकिन कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को जनता के बीच बेनकाब करती रहेगी। जनता सब जानती है कि असली दोषियों को बचाने और सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस न डरने वाली है और न ही झुकने वाली है। हम लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाते रहेंगे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जी के रामलला दर्शन के संकल्प को हर हाल में पूरा कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान हनुमान से प्रदेश में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।उक्त मौके पर रीना राय (धर्मपत्नी अजय राय), राघवेंद्र चौबे, डॉ राजेश गुप्ता, प्रमोद वर्मा, मनोज यादव, विजय देवल, अनिल पटेल, रमेश शर्मा, अरविंद सेठ, किशन यादव बबलू समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button