UP News : लड़की को परेशान करने के आरोप से भयभीत युवक ने अवैध असलहे से खुद को मारी गोली

हमीरपुर । छेड़खानी जैसे मुकदमे में फसाने की धमकी और पुलिस के डर से एक युवक ने अवैध असलहे से खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मिली खबर के अनुसार सुमेरपुर कस्बे के नेहा चौराहा के पास बांकी मार्ग स्थित रजवा सोनी की ब्रेकरी एंड कोल्ड ड्रिंक की दुकान है। दुकान में रजवा सोनी प्रतिदिन बैठता था। कभी-कभी उसका इकलौता बेटा अंकित उर्फ मोंटी सोनी 26 वर्ष भी दुकान का काम देखता था। सोमवार को मोंटी सोनी अपनी ब्रेकरी एंड कोल्ड ड्रिंक की दुकान गया था। इसके परिजन दुकान के पीछे मकान में थे, तभी इसने अचानक अवैध असलहे से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे तो दुकान के काउंटर के नीचे मोंटी खून से लथपथ पड़ा था।सिर में गोली लगने से खून भी काउंटर के नीचे जमा हो गया था।
रजवा और कलावती अपने बेटे का शव देख रोने लगे। घटना की सूचना पाते ही सुमेरपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार, एसएसआई राजवीर सिंह व कस्बा इंचार्ज राहुल मिश्रा मौके पर पहुंचे। और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । इस संबंध में थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार परिजनों से तहरीर मिलते ही इस मामले में एक्शन लिया जाएगा। इस संबंध में रजवा सोनी उर्फ रामबाबू ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले बेटे पर लड़की से प्रेम-प्रसंग के आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट हुई थी। मोटरसाइकिल भी लड़की के परिजन छीनकर थाने में खड़ी कराई थी। बताया कि छेडख़ानी जैसे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई थी। बेटे को थाने भी बुलवाया गया था, इसीलिए दहशत में आकर बेटे ने आत्मघाती कदम उठाया है।



