उत्तर प्रदेशवाराणसी

अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त का सख्त संदेश, लापरवाही पर कार्रवाई; कई थाना प्रभारियों के तबादले

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को कमिश्नरेट वाराणसी की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं और जनसुनवाई की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को ही थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्य में लापरवाही और निष्क्रियता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया। प्रभारी निरीक्षक फूलपुर राजीव कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक चौक दिलीप कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक मंडुवाडीह दयाराम तथा प्रभारी निरीक्षक राजातालाब अजय राज वर्मा को पुलिस लाइन भेजा गया। वहीं विजय कुमार शुक्ला को थाना रोहनिया, दिगम्बर उपाध्याय को चौक, पवन पाण्डेय को मंडुवाडीह, अभिजीत सिंह को चेतगंज तथा जितेन्द्र कुमार को लोहता थाने की जिम्मेदारी दी गई। संबंधित अधिकारियों के कार्यभार में अन्य आवश्यक बदलाव भी किए गए हैं।

अवैध गतिविधियों पर नजर रखने को SOG-2 गठित

कमिश्नरेट में जुआ, सट्टा, देह व्यापार, अवैध हुक्का बार और मादक पदार्थों की बिक्री जैसी अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी के लिए SOG-2 का गठन किया गया है। उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान को इसका प्रभारी बनाया गया है।

पुलिस आयुक्त ने D-60 और D-90 श्रेणी की लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं के शीघ्र अनावरण तथा दूसरे थाना क्षेत्र या जनपद में अपराध करने वाले अपराधियों की निगरानी पर भी जोर दिया गया।

वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में धारा 111 BNS एवं 107 BNSS के प्रावधानों का प्रभावी इस्तेमाल कर पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, अतिक्रमण हटाने और नियमित पैदल गश्त बढ़ाने को भी कहा गया।

विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में CCTV की स्थिति की जांच तथा छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए आसपास शोहदों व अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थानों में लगे CCTV कैमरों को हर समय क्रियाशील रखने तथा प्रत्येक FIR और गुमशुदगी की ACP स्तर पर समीक्षा करने को कहा गया।

पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारियों को नियमित जनसुनवाई करने और आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थानों के CUG नंबर रिसीव करने और कॉल मिस होने पर संबंधित व्यक्ति को वापस कॉल करने को भी कहा गया।

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस प्रबंध और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी समेत सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button