Blog

मुहर्रम को लेकर राजातालाब में पुलिस का फ्लैग मार्च, अतिक्रमणकारियों पर भी हुई कार्रवाई

Shekhar pandey

वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजातालाब क्षेत्र में पुलिस और पीएसी बल ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का भ्रमण कर लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

Advertisements

पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब अजय श्रीवास्तव तथा प्रभारी निरीक्षक राजातालाब दयाराम के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च कस्बा राजातालाब और आसपास के क्षेत्रों में किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से संवाद कर पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया गया।

अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी तथा किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करने की अपील की।

इसी दौरान राजातालाब बाजार में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर ठेला-खोमचा लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अतिक्रमण हटवाते हुए संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुनः अतिक्रमण मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button