उत्तर प्रदेशवाराणसी

बाढ़ को लेकर वाराणसी में पुलिस-प्रशासन अलर्ट, मोटर बोट से गंगा क्षेत्र का निरीक्षण

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाराणसी में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने नमो घाट से पुराने पुल (सारनाथ) तक मोटर बोट से भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।

आमजन की सुरक्षा को देखते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ को विशेष रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

राहत शिविरों का भी लिया जायजा

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने सारनाथ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सलार और विद्या विहार इंटर कॉलेज सलार में बनाए गए राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविर में रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

लोगों से खानपान, रहने की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।

पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें। बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे स्थानों से दूर रखें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, लिपि नागयाच समेत जल पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button